शहर से गांव डगर तक की कहानी

जीटी रोड लाइव खबरी

धरतीआबा भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि के मौके पर झारखंड विधानसभा प्रांगण में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के नेतृत्व में विधानसभा कर्मियों व अधिकारियों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया.. इस मौके पर स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने उनके बलिदान को याद करते हुए कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा महान स्वतंत्रता सेनानी थे. हमें गर्व है कि हम उसी राज्य के रैयत हैं, जहाँ उनका जन्म हुआ.

रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि धरतीआबा अपने संघर्ष तथा नेतृत्व क्षमता के बूते अल्पायु में ही इस प्रांत से जन अधिकार की लड़ाई लड़ी और भारत की स्वतन्त्रता के लिए संघर्ष करते हुए राँची कारावास के दौरान आज ही के दिन उनका देहांत हुआ. महान क्रांतिकारी धरती आबा बिरसा मुंडा के पुण्यतिथि पर समस्त झारखंड वासियों एवं झारखण्ड विधान सभा की ओर से उन्हें नमन करता हूँ. इस मौक़े पर झारखंड विधानसभा परिसर में स्थित भगवान बिरसा मुंडा के मूर्ति पर विधानसभा के प्रभारी सचिव माणिक लाल हेम्ब्रम सहित अधिकारी एवं कर्मियों द्वारा माल्यार्पण किया गया.

सीपीआई कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि

सीपीआई राज्य कार्यालय के सभागार में भी धरती आबा बिरसा मुंडा को 125 वी शहादत पर याद किया गया. इस मौके पर जिला मंत्री अजय सिंह ने कहा कि बिरसा मुंडा के विचारों को झारखंड के सभी बच्चों को बचपन से ही पढ़ाने की जरूरत है. जिस तरह से राज्य में सीएनटी और एसपीटी एक्ट का खुले आम उलंघन हो रहा है, उसकी रक्षा के लिए एक और उलगुलान की जरूरत है तभी झारखंड के जल जंगल और जमीन की रक्षा होगी. बिरसा के सपनों के साकार करने के लिए राज्य सरकार उन्हें राजकीय नायक घोषित करे.

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजय सिंह कांके विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी संतोष रजक,, मनोज ठाकुर, सुनील सिंह, श्यामल चक्रबर्ती अनिरुद्ध कुमार, रोहन कुमार। अनूप कुमार वीरेन्द्र विश्वकर्मा तारिक राजेश,विजय वर्मा सुरेंद्र दीक्षित, अखिलेश श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार वर्मा संजीत कुमार सहित कई लोग शामिल थे.

भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धंजलि

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 125 वीं शहादत दिवस पर भाजपा, रांची महानगर जिला के तत्वावधान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के समाधि स्थल, कोकर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हुई. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, रांची विधायक सीपी सिंह, जिला अध्यक्ष वरुण साहू, बलराम सिंह, अशोक बड़ाइक, रवि मुंडा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने धरती आबा के पवित्र समाधि पर पुष्पांजलि कर श्रद्धा–सुमन अर्पित किया.

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारत की संस्कृति, धर्म और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले जनजातीय गौरव ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा सदैव देश एवं राज्य के लिए प्रासंगिक रहेंगे. उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध उनका संघर्ष युगों-युगों तक मातृभूमि के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा. वहीं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि बिरसा मुंडा के पदचिन्हों पर चलकर ही देश और झारखंड आगे बढ़ेगा.

पुष्पांजलि कार्यक्रम में राजू सिंह,बसंत दास, अनीता वर्मा, रोशनी खलको, पायल सोनी, सुरेश प्रसाद, रणधीर सिंह, रामलगन राम, सुजीत शर्मा, अनिल अग्रवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहें.

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version