शहर से गांव डगर तक की कहानी

जीटी रोड लाइव खबरी

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखण्ड सरकार में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता दिवंगत चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री ने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना ईश्वर से की. इससे पहले प्रदेश कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी, सह प्रभारी समेत कई कांग्रेस नेताओं, मंत्रियों व विधायकों ने भी दिवंगत पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि दी.

मजदूर नेता व पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे का गुरूवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था. शुक्रवार को ददई दुबे के पार्थिव शरीर को रांची एयरपोर्ट से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लाया गया. 

ददई दुबे के निधन पर झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक अनूप सिंह, पूर्व मंत्री और विधायक रामेश्वर उरांव ने दुःख व्यक्त किया. उन्होंने इसे झारखंड के लिए अपूर्णीय क्षति बताया.

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने ददई दुबे को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन न्याय, समानता और सेवा के मूल्यों को समर्पित था. उनकी संघर्षशील विरासत हम सबको प्रेरित करती रहेगी.

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका सादा जीवन, अडिग सिद्धांत और मज़दूरों के प्रति उनकी निःस्वार्थ निष्ठा  हमें आजीवन प्रेरणा देते रहेंगे.

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version