जीटी रोड लाइव ख़बरी
झारखण्ड की धरती में खिलाडियों का जन्म होना लाजमी है। झारखण्ड के नस-नस में हॉकी बस्ती है। जयपाल सिंह मुंडा से लेकर सलीमा टेटे जैसे एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हुए है और इन में लड़कियों ने अपनी प्रतिभा का अधिक लोहा मनवाया है। अभी चर्चा झारखण्ड की दो सगी बहनों समेत 8 खिलाडियों की है।जिनका चयन सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के 40 सदस्यीय कोर ग्रुप में हुआ है। इस कोर ग्रुप में पहली बार झारखंड की आठ खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। यह झारखण्ड के लिए गर्व की बात है। कोर टीम में शामिल सभी 40 खिलाडियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है और इनकी क्षमता के अनुसार और निखारा जायेगा। इन खिलाड़ियों में अच्छा प्रदर्शन करने वालों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जायेगा। चयनित खिलाड़ी ही भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। झारखण्ड से चुन्नी जानी वाली खिलाड़ियों में खूंटी जिले की निक्की प्रधान,अलबेला रानी टोप्पो ,सिमडेगा जिले से सलीमा टेटे, संगीता कुमारी ,ब्यूटी डुंगडुंग ,दीपिका सोरेंन ,महिमा टेटे व अंजना डुंगडुंग शामिल हैं। इन महिला खिलाड़ियों के नेशनल कोर ग्रुप में शामिल होने पर हॉकी इंडिया के महासचिव सह हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह समेत अन्य ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
दो सगी बहनें हुई सीनियर भारतीय हॉकी टीम में शामिल
झारखण्ड के इतिहास में पहली बार दो सगी बहनों को सीनियर भारतीय हॉकी टीम में शामिल किया गया है। भारतीय हॉकी वीमेंस टीम की कप्तान सलीमा टेटे और महिमा टेटे दोनों सगी बहनें हैं। अगर इनका परफॉर्मेंस अच्छा रहा तो ये दोनों बहनें नेशनल टीम में खेलती नजर आएगी। वहीँ टीम में शामिल अंजना डुंगडुंग की बड़ी बहन अलका डुंगडुंग भी पूर्व में जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
झारखण्ड में खूंटी और सिमडेगा है खिलाड़ियों का गढ़
झारखण्ड में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का गढ़ माना जाता है, खासकर खूंटी और सिमडेगा को। राज्य सरकार और झारखंड हॉकी के तरफ से खिलाड़ियों को बेहतर तैयारियां और संसाधन दिए जा रहे है। इसी का नतीजा है कि नेशनल टीम के लिए बने कोर ग्रुप में झारखंड की 8 खिलाड़ियों को जगह दी गई है। हॉकी में पहले से ही सलीमां टेटे, निक्की प्रधान और संगीता कुमारी अपना लोहा मनवा चुकी हैं।
अलबेला रानी टोप्पो को पहली बार सीनियर ग्रुप में मिली जगह
महिमा टेटे, अंजना डुंगडुंग और अलबेला रानी टोप्पो को पहली बार सीनियर कोर ग्रुप में जगह मिली है। वहीं, निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग पहले से ही कोर ग्रुप का हिस्सा रही हैं। महिमा टेटे इससे पहले जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा रह चुकी हैं।