जीटी रोड लाइव खबरी
लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला पहली बार झारखंड दौरे पर रविवार को रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित अन्य भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने बिरसा चौक स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और बिरसा मुंडा संग्रहालय जाकर धरती आबा की स्मृतियों का अवलोकन भी किया.
ओम बिरला ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को मैं प्रणाम करता हूं, ये धरती जनजातीय समुदाय की संस्कृति है. बिरसा मुंडा ने जनजातीय समुदाय, जंगल-जमीन, आदिवासी की संस्कृति को बचाने के लिए उन्होंने एक लंबी लड़ाई लड़ी. उनके इस संघर्ष से ही आज जनजातीय समाज को सम्मान मिलता है. झारखंड जनजातीय समुदाय की प्रगति के साथ विकास की ओर भी आगे बढ़ रहा है.बिरसा मुंडा की यह धरती हम लोगों के लिए प्रेरणा है.
विधानसभा अध्यक्ष ने किया स्वागत
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के रांची आगमन पर झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट पर उनसे शिष्टाचार भेंट की.
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पीठासीन अधिकारियों की बैठक में मेरी मुलाक़ात उन से हमेशा होती रही है. आज झारखंड में उनका स्वागत करने का मौक़ा मिला,देश की सर्वोच्च पंचायत लोक सभा के माननीय अध्यक्ष का झारखंड की धरती पर आगमन हम सभी के लिए हर्ष का विषय है.
राजभवन में भी हुआ स्वागत
लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला का राज भवन आगमन पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी द्वारा पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया. उक्त अवसर पर माननीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ भी मौजूद थे. बाद में लोकसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद थे.