जीटी रोड लाइव खबरी
झारखंड की राजधानी रांची में होने वाले कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली की पूर्व निर्धारित तिथि में फेरबदल किया गया है. 3 मई को होने वाली रैली अब छह मई को पुराना विधानसभा मैदान में होगी. इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई शीर्ष नेताओं की मौजूदगी रहेगी. मंगलवार को प्रदेश कांग्रस भवन में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने यह जानकारी दी. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, प्रवक्ता सतीश पौल मुंजनी, किशोर शाहदेव उपस्थित थे.
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रांची में 6 मई को होने वाली रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा पार्टी के संगठन महासचिव व लोकसभा सांसद के.सी. वेणुगोपाल, महासचिव व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे. रैली के बाद प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्य समिति की बैठक भी होगी जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलावा के.सी. वेणुगोपाल, भूपेश बघेल भी उपस्थित रहेंगे. यह झारखंड कांग्रेस के लिए हर्ष का विषय है कि झारखंड निर्माण के बाद पहली बार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी होगी. यह झारखंड के कांग्रेस नेताओं के लिए सम्मानजनक व गौरवपूर्ण क्षण होगा.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड में संविधान बचाओ रैली ऐतिहासिक होगी और इसे लेकर नेताओं व पार्टी कार्यकर्ताओं सहित आम जनता में काफी उत्साह है. अपने अधिकारों के प्रति जनता जागरुक है, संविधान रक्षा की इस लड़ाई में पूरी तरह से वह हमारे साथ खड़ी है. कांग्रेस आम लोगों के अधिकारों का दमन नहीं होने देगी, संविधान रक्षा की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी.