जीटी रोड लाइव खबरी
झारखंड सरकार में पर्यटन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के लाल महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की. इस दौरान झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव भी मौजूद थे. खेल सह पर्यटन मंत्री ने कहा की राज्य सरकार का विश्वास है कि धोनी के सहयोग से झारखंड के खेल और पर्यटन को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी.
इस मुलाकात के दौरान राज्य में पर्यटन एवं खेल के गतिविधियों के विकास को लेकर चर्चा हुई. मुलाकात के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि झारखंड में खेल और पर्यटन को को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में धोनी का सहयोग राज्य सरकार को प्राप्त होगा.
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि कैसे धोनी के अनुभव से राज्य में खेल और पर्यटन को नई दिशा और ऊंचाइयाँ दी जा सकती हैं. पर्यटन मंत्री ने कहा की राज्य सरकार धोनी जी के सहयोग को लेकर आश्वस्त है और उनके सहयोग से झारखंड को एक प्रमुख खेल और पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा. वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने अनुभव और दृष्टिकोण से राज्य सरकार को आश्वस्त किया कि वे झारखंड में खेल और पर्यटन के क्षेत्र में विकास को गति देने में राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे.