जीटी रोड लाइव खबरी
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व बिहार-झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री चन्द्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे का बृहस्पतिवार की शाम निधन हो गया. वह 87 वर्ष के थे. यह जानकारी पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जयेश कुमार पाठक (बिट्टू पाठक) ने देते हुए बताया कि ददई दुबे का निधन नई दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ. वह करीब डेढ़ माह से इलाजरत थे.
उन्होंने बताया कि दुबे पांच बार विधायक पलामू जिले के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से और एक बार लोकसभा सदस्य धनबाद से रहे. पाठक ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि “उन्होंने अपना पिता तुल्य अभिभावक खो दिया, हमारी विनम्र श्रद्धांजलि. उन्हें एक जुझारू नेता के रूप में जाना जाता था, जिन्होंने हमेशा मजदूरों और गरीबों की आवाज उठाई.
उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और झारखंड के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है. कांग्रेस नेताओं उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है.