जीटी रोड लाइव खबरी
आतंकवाद पर भारत द्वारा कठोर कार्रवाई के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भाजपा पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा कार्यक्रम आयोजित करेगी. 14 मई से 20 मई तक राजधानी रांची से लेकर सभी प्रमंडलों व मंडलों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें भाजपा कार्यकर्ता समेत आम नागरिक, सामाजिक संगठन, प्रबुद्ध जन सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे. सबसे पहले 14 मई बुधवार को राजधानी रांची में विशाल तिरंगा यात्रा कार्यक्रम आयोजित होगा. रांची में शहीद चौक से लेकर बिरसा मुंडा समाधि स्थल कोकर तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. इसके बाद अलग-अलग तिथियों में प्रमंडल, जिला और मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम आयोजित होगा.
प्रमंडलों में भी होगा तिरंगा यात्रा कार्यक्रम
तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का मकसद भारतीय सेना का आभार जताना और सेना का उत्साह बढ़ाना है. प्रदेश भाजपा कार्यालय से जारी तिरंगा यात्रा कार्यक्रम की निर्धारित सूची के मुताबिक रांची के बाद 15 मई को सभी प्रमंडल स्तर पर, 16 मई को जिला मुख्यालयों में और 19 एवं 20 मई को सभी निर्धारित मंडलों में यह कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके अंतर्गत 19 मई को पलामू, संथाल एवं हजारीबाग प्रमंडल के सभी मंडलों में जबकि 20 मई को कोल्हान और दक्षिणी छोटा नागपुर प्रमंडल के मंडलों में तिरंगा यात्रा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगें.